चंदौली: चंदौली जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस (Chandauli Police) को बड़ी सफलता मिली है। थाना बलुआ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी की संयुक्त टीम ने 253 ग्राम हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार (arrested) किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31.62 लाख रुपये बताई गई है।
बता दें कि मुखबिर की सूचना पर ग्राम टाण्डाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से करीब 50 मीटर आगे घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त पुलिस को भ्रमित करने के लिए शोर मचाने लगा, लेकिन पुलिस ने संयम बनाए रखते हुए नायब तहसीलदार दिनेश कुमार शुक्ला (मजिस्ट्रेट) की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान अभियुक्त की हाफ पैंट की कमर में छिपाकर रखी गई काली पॉलिथीन से 253 ग्राम हेरोइन और 1,100 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वाराणसी के कैथी क्षेत्र से हेरोइन लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय स्तर पर ग्राहकों को बेचता था औऱ मांग के अनुसार तौलकर आपूर्ति करता था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगदीश सिंह (58 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम सोनबरसा (टाण्डाकला), थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बलुआ में के तहत धारा एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जगदीश सिंह पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2025 और 2023 में भी उसके विरुद्ध थाना बलुआ में मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं।
लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण पुलिस उसे क्षेत्र का शातिर नशा तस्कर मान रही है। चंदौली पुलिस ने कहा कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


