मोहम्मदाबाद
कस्बा मोहम्मदाबाद के मोहल्ला शिवाजी नगर में एक किन्नर के घर से नगदी व जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर गली नंबर 6 निवासी किन्नर ममता चौहान अपनी सहयोगी रुखसार के साथ रहती हैं। ममता ने 2 मई को किदवई नगर निवासी एक युवक को अपने घर में पुताई का काम दिया था। 3 मई की सुबह करीब 7 बजे उक्त युवक एक अन्य मजदूर के साथ पुताई करने पहुंचा।
पुताई के दौरान कमरे में रखी अलमारी का सामान ममता ने निकालकर तख्त पर रख दिया था। इसी बीच सुबह करीब 9 बजे दोनों युवक अचानक वहां से चले गए। 4 मई को ममता जब युवक के घर पहुंची तो वह नहीं मिला।
5 मई को घर में मेहमान आने पर जब ममता ने सामान देखा तो एक थैले से सोने का एक छल्ला, एक अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पायल तथा करीब 50 हजार रुपये नगद गायब मिले। ममता के अनुसार, कुल मिलाकर करीब 55 हजार रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये नगद चोरी हुए हैं।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के बारे में भी जानकारी जुटाई है। पीड़िता ने पुताई करने आए युवकों पर चोरी का आरोप लगाया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कस्बा मोहम्मदाबाद के मोहल्ला शिवाजी नगर में एक किन्नर के घर से नगदी व जेवरात चोरी होने का मामला


