बरेली। जिले के भुता थाना क्षेत्र के अहिरौला गांव में रविवार को दर्दनाक हादसे में जीजा और साले की नदी में डूबने से मौत हो गई। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दोनों युवक गांव के पास स्थित कैलाश नदी में नहाने गए थे, लेकिन नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अहिरौला गांव निवासी 24 वर्षीय रोहित अपने जीजा विवेक के साथ दोपहर करीब 12 बजे कैलाश नदी में स्नान करने गया था। विवेक पीलीभीत जिले के मुड़िया थाना क्षेत्र का निवासी था और शनिवार को अपनी ससुराल आया हुआ था। दोनों एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। नहाने के दौरान अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना के समय रोहित का एक दोस्त नदी पर बने पुल पर खड़ा था। उसने दोनों को डूबते देखा तो शोर मचाते हुए आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। काफी देर बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों नदी में समा चुके थे।
सूचना मिलते ही भुता थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया तथा एहतियात के तौर पर एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई। करीब छह गोताखोरों ने नदी में तलाश अभियान चलाया और लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गए। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि रोहित पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन की शादी करीब छह महीने पहले विवेक से हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।


