लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान के शौचालय में टिश्यू पेपर पर ‘बम’ लिखा मिला। महज एक शब्द ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया और करीब 180 यात्रियों को लेकर उड़ान भरने वाली फ्लाइट को एप्रन पर ही रोक दिया गया।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को तत्काल उड़ान से रोककर यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ, एयरपोर्ट सुरक्षा और अन्य एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी शुरू कर दी। विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने इसे ‘होक्स’ यानी झूठी बम सूचना करार दिया। हालांकि सुरक्षा प्रक्रियाओं के पालन में समय लगने के कारण उड़ान निर्धारित समय से देरी से रवाना हुई। घटना के दौरान यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
उधर, दिल्ली में खराब मौसम के कारण कई उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ। बैंकॉक, गुवाहाटी और नागपुर से दिल्ली जा रही तीन इंडिगो उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के बाद इन विमानों को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, डायवर्ट की गई उड़ानों के यात्रियों और चालक दल को लखनऊ में ठहराव के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, टिश्यू पेपर पर लिखे गए संदेश की जांच जारी है और संबंधित व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


