मोहम्मदाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम बलरामपुर निवासी स्वर्गीय रामनिवास की 61 वर्षीय पत्नी उर्मिला का शव रविवार को काली नदी में जलकुंभी में फंसा हुआ मिला। घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार उर्मिला 21 मार्च को अचानक घर से लापता हो गई थीं। इस संबंध में उनके पुत्र बिमलेश ने डायल 112 पर सूचना दी थी। खोजबीन के दौरान काली नदी के किनारे उर्मिला की शॉल व चप्पल बरामद हुई थी। अंधेरा होने के कारण उस समय शव का पता नहीं चल सका।
अगले दिन पुलिस ने ड्रोन की मदद से करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद परिजन स्वयं सहयोगियों के साथ नदी में उतरकर तलाश करने लगे। खोजबीन के दौरान उर्मिला का शव नदी में जलकुंभी (स्थानीय रूप से जल मंजिली) में फंसा हुआ मिला, जिसे बाहर निकाला गया।
सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के दो पुत्र इंद्रेश व बिमलेश हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


