फर्रुखाबाद। । गंगा नदी में डूबे बुजुर्ग का शव करीब 48 घंटे बाद गोताखोरों ने खोज निकाला। पुलिस के अनुसार शव घटना स्थल से लगभग चार किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। आवश्यक कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मऊ रसीदाबाद निवासी 50 वर्षीय जगतपाल की रिश्तेदारी शमशाबाद थाना क्षेत्र के गंगा कटरी इलाके के ग्राम फूला में है। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह अपने रिश्तेदार रामदीन और भतीजे विनीत के साथ गंगा कटरी क्षेत्र में तरबूज खाने गए थे।
दोपहर के समय गंगा स्नान के दौरान अचानक जगतपाल तेज धारा में बहने लगे। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंगा की लहरों में ओझल हो चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और लोग गंगा किनारे पहुंचकर उनकी सलामती की दुआ करने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर थाना शमशाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई, लेकिन पहले दिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रविवार को बरेली से एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
सोमवार को खोजबीन के दौरान गांव से करीब चार किलोमीटर दूर झाड़ियों में शव फंसा हुआ दिखाई दिया। गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान परिजनों ने जगतपाल के रूप में की। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में एक बार फिर मातम छा गया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
48 घंटे बाद गंगा में डूबे बुजुर्ग का शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम


