कमालगंज (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के पेरी नवादा गांव में धान की फसल के बंटवारे को लेकर शुक्रवार रात दो भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिसमें छोटे भाई के चेहरे पर ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमालगंज भेजा।
पीड़ित सौरव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने खेत में खड़ी धान की फसल में अपने हिस्से के पैसे बड़े भाई गौरव से मांगे थे। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर गौरव ने धान की फसल उखाड़ दी और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार दो पक्षों में बंट गया।
बताया गया कि एक ओर पिता और बड़ा भाई गौरव थे, जबकि दूसरी ओर मां और छोटा भाई सौरव। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। इसी दौरान सौरव के चेहरे पर ईंट लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल सौरव किसी तरह थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए सीएचसी कमालगंज भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत पर निगरानी रखी गई।
थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


