गोरखपुर। मां की मौत के गम में डूबे परिवार में उस समय कोहराम मच गया जब ब्रह्मभोज के आयोजन के दौरान दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गोरखपुर जिले के पिपराईच थाना क्षेत्र के रतवैया गांव में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम का माहौल और गहरा हो गया।
जानकारी के अनुसार परिवार में मां के निधन के बाद ब्रह्मभोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसी दौरान ब्रह्मभोज के खर्चे और उसके बंटवारे को लेकर बड़े भाई दुर्गविजय और छोटे भाई शुभम के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आपा खो बैठे दुर्गविजय ने तमंचा निकाल लिया और शुभम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही शुभम मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां के श्राद्ध के दिन बेटे की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदारों और गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह ब्रह्मभोज के खर्चे को लेकर हुआ विवाद सामने आया है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


