लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘पीडीए में पी फॉर पाकिस्तान’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा, “भाजपा का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान है। जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना पीडीए आगे बढ़ेगा।” उन्होंने पीडीए का अर्थ ‘प्रेम, दया और अपनापन’ भी बताया।
सपा के टूटने की चर्चाओं पर अखिलेश ने कहा कि देशभर में कई राजनीतिक दल टूटे, लेकिन सपा इसलिए नहीं टूटी क्योंकि एक ही परिवार के पांच सांसद हैं। उन्होंने कहा, “कभी-कभी परिवारवाद का भी फायदा होता है।” अखिलेश ने दावा किया कि सपा भविष्य में ऐतिहासिक सरकार बनाएगी।
अखिलेश ने सपा-बसपा गठबंधन टूटने के लिए सपा को जिम्मेदार बताए जाने पर कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन नहीं तोड़ती, लोग छोड़कर जाते हैं। उन्होंने जयंत चौधरी की पार्टी रालोद पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को रालोद को 120 सीटें देनी चाहिए।
मेरठ में सपा नेताओं के साथ कथित मारपीट का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि उनके नेताओं के साथ जातीय पहचान के कारण दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर प्राथमिक विद्यालयों की व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया जाएगा।


