फर्रुखाबाद। भारतीय जनता पार्टी के एक मंडल पदाधिकारी को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। पीड़ित ने थाना शमसाबाद पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम बेला सराय गजा निवासी दिव्यांशु मिश्रा, पुत्र संजय मिश्रा, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाले ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि “जब हमारी सरकार आएगी, तब तुम्हें जान से मार देंगे।” इस धमकी के बाद पीड़ित और उनके परिवार में भय का माहौल है।
दिव्यांशु मिश्रा ने तहरीर में बताया कि वह भारतीय जनता पार्टी के नवाबगंज मंडल में मंडल मंत्री हैं और राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि इस प्रकार की धमकी न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की स्वतंत्रता पर भी सवाल खड़े करती है।
पीड़ित ने पुलिस से मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
भाजपा मंडल मंत्री को मिली जान से मारने की धमकी, शिकायत पुलिस से


