लखनऊ। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की लखनऊ शाखा एक बड़े छापेमारी को अंजाम देते हुए जौनपुर जिले के शाहगंज स्थित घासमंडी क्षेत्र में M/s सेठ जवाहर लाल ज्वेलर्स पर छापेमारी की। इस दौरान बिना हॉलमार्क के बेचे जा रहे स्वर्ण आभूषणों की एक बड़ी मात्रा जब्त की गई।
बीआईएस की छापेमारी में बिना हॉलमार्क के लगभग 320 ग्राम बिना HUID अंकित स्वर्ण आभूषण पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। । भारतीय मानक ब्यूरो के नियमों के अनुसार, जौनपुर अनिवार्य हॉलमार्किंग वाले जिलों में शामिल है, अतः बिना हॉलमार्क वाले स्वर्ण आभूषणों का विक्रय प्रचलित हॉलमार्किंग गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (QCO) का उल्लंघन है।
यह छापेमारी बीआईएस के वरिष्ठ निदेशक एव्र प्रमुख श्री सुधीर बिश्नोई के दिशा निर्देशन में श्री शरद कुमार, सयुक्त निदेशक के नेतृत्व में, श्री जितेश कुमार, उपनिदेशक, श्री आशुतोष राय , उपनिदेशक एवं ब्यूरो के कर्मचारियों की 6 सदस्यीय टीम द्वारा की गई ।
बीआईएस के वरिष्ठ निदेशक सुधीर बिश्नोई ने छापेमारी टीम की सराहना करते हुए कहा कि बाजार में बिक रहे स्वर्ण आभूषणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण कार्रवाई थी। बीआईएस की इस कार्रवाई से बिना हॉलमार्क के बिक रहे स्वर्ण आभूषणों के विक्रेताओं के खिलाफ सख्त संदेश गया है। अधिकारियों ने संकेत दिया कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा ताकि बाजार में केवल हॉलमार्क वाले और उपयुक्त शुद्धता वाले आभूषण ही उपभोक्ताओं तक पहुंच सकें।


