फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र में ठठरही स्थित भगवान शंकर के मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 की रात चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खजुहा नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी ने खुद को घिरता देख झाड़ियों में छिपकर पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और जवाबी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद आरोपी रिजवान (25 वर्ष) को सरकंडी रोड के पास गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।
गिरफ्तार आरोपी के पास से मंदिर से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ, जिसमें पीतल का घंटा, दो छोटी घंटियां, तांबे का सर्प और पंखे की बिक्री से मिले 350 रुपये शामिल हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रिजवान का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजनारायन नायक, अरविंद कुमार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।


