फर्रुखाबाद। शमसाबाद थाना क्षेत्र में देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक बाइक से काम समाप्त कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना शमसाबाद क्षेत्र के गांव दलेलगंज निवासी 20 वर्षीय शिवा पुत्र सर्वेश चंद्र टेंट हाउस में काम करता था। परिवार में बड़े भाई शिवम, सुमित और राजाबाबू हैं। बताया गया कि शिवा मंगलवार रात काम खत्म होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था।
जब वह सदकापुर के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टर ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।


