बाराबंकी। जिले के करमुल्लापुर गांव में ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना संबंधित विभाग और दमकल को दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के करीब एक घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। आग के कारण आसपास का क्षेत्र धुएं से भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते बड़ा हादसा टल गया। हालांकि ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आए तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की गई है।


