फर्रुखाबाद। जिला गंगा समिति एवं वन विभाग के तत्वावधान में शमशाबाद स्थित केशव शरण काँटी देवी इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिशन लाइफ अभियान को बढ़ावा देते हुए पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और वन्य जीव संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण का संतुलन लगातार बिगड़ता जा रहा है और इसके पीछे बढ़ता प्रदूषण सबसे बड़ा कारण है।
उन्होंने कहा कि लोग अनजाने में प्रतिदिन ऐसे कार्य कर रहे हैं जो पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अनावश्यक जल का उपयोग, पॉलिथीन का प्रयोग, वन्य जीवों के संरक्षण में लापरवाही और प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन आने वाले समय के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
निहारिका पटेल ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन का असर अब मौसम में स्पष्ट दिखाई देने लगा है। अत्यधिक गर्मी, कड़ाके की सर्दी और बिना मौसम बारिश जैसी घटनाएं प्राकृतिक संकट का संकेत हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में और भी गंभीर परिणाम देखने को मिल सकते हैं।
प्रशिक्षक रोहित दीक्षित ने कहा कि यदि प्रत्येक युवा सप्ताह में एक दिन भी पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करे और अन्य लोगों को इसके प्रति जागरूक बनाए तो बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने युवाओं से वृक्षारोपण, जल बचाने और प्लास्टिक का प्रयोग कम करने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पंपलेट एवं पोस्टर वितरित किए गए तथा सभी को पर्यावरण बचाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सोमेश कुमार गंगवार, प्रधानाचार्य सतपाल सिंह गंगवार, शिक्षक चंद्र प्रकाश, धीरेंद्र, बृजेश, सर्वेश, मीनू, दिव्यांशी, वैष्णवी, प्रिया सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


