महिला सुरक्षा में राजेपुर पुलिस की बड़ी सफलता, त्वरित कार्रवाई से खुला सौदेबाजी का खेल
अमृतपुर
थाना राजेपुर पुलिस ने महिला सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार एक महिला को बहला-फुसलाकर शादी के नाम पर थाना क्षेत्र में लाया गया था, जहां कथित रूप से पैसों के लेन-देन के आधार पर विवाह कराने की तैयारी चल रही थी। महिला को जब पूरी घटना पर संदेह हुआ तो उसने विरोध किया और मौके से निकलकर थाना राजेपुर पहुंची। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम चित्रकूट निवासी हुकुम सिंह तथा शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद क्षेत्र निवासी अवल को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो अन्य महिलाओं की भी भूमिका सामने आने पर उन्हें भी नामजद किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ के लिए विवाह का सौदा तय किए जाने की बात सामने आई है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। थाना राजेपुर पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा के प्रति उसकी सजगता और प्रतिबद्धता का उदाहरण माना जा रहा है। समय रहते की गई कार्रवाई से एक महिला को कथित शोषण और जबरन विवाह जैसी स्थिति से बचाया जा सका। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


