*कमालगंज संवाददाता।*
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) कमालगंज पर आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन बुधवार को सातवें दिन भी जारी रहा। आज सुबह करीब 8 बजे बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता सीएचसी परिसर में एकत्र हुईं और कोल्ड चेन के सामने धरने पर बैठ गईं।
हमारी टीम जब मौके पर पहुंची तो सीएचसी का टीकाकरण कक्ष पूरी तरह बंद पड़ा था। वैक्सीनेशन के लिए अपने नवजात बच्चों को लेकर आई कई महिलाएं गेट से ही वापस लौटती नजर आईं। स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद स्टाफ ने भी माना कि आशाओं के धरने के कारण वैक्सीनेशन का कार्य पूरी तरह प्रभावित है।
धरने पर बैठी आशाओं ने बताया कि कई दिनों से लगातार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस वार्ता या आश्वासन नहीं मिला है।
बुधवार को धरने में आशाओं की संख्या पिछले दिनों की तुलना में अधिक रही। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।
मौके पर मौजूद एक आशा कार्यकर्ता ने कहा, “हम ग्रामीण इलाकों में घर-घर जाकर सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाती हैं। पोलियो से लेकर टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य तक की पूरी जिम्मेदारी हम निभाती हैं, फिर भी हमें मेहनत के हिसाब से मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।”
आशाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल सीएससी कमालगंज पर अनशन लगातार जारी है।


