29 C
Lucknow
Sunday, May 3, 2026

टेस्ट रिपोर्ट में अव्वल थाना अमृतपुर, त्वरित एफआईआर व पारदर्शी कार्यशैली से जीता भरोसा

Must read

 

छिबरामऊ क्षेत्राधिकारी की गोपनीय जांच में खरा उतरा थाना, फरियादी को तत्काल मिला न्याय

अमृतपुर, फर्रुखाबाद

थाना अमृतपुर एक बार फिर अपनी प्रभावी कार्यशैली और संवेदनशील पुलिसिंग के चलते चर्चा में है। उच्चाधिकारियों द्वारा कराई गई गोपनीय “टेस्ट जांच” में थाना अमृतपुर को अव्वल स्थान प्राप्त हुआ है। त्वरित एफआईआर दर्ज करने, पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने और पीड़ित के प्रति सम्मानजनक व्यवहार ने इस थाने को अन्य थानों से अलग पहचान दिलाई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित निलेश पुत्र राकेश कुमार निवासी जसमई मऊ दरवाजा प्रार्थना पत्र लेकर थाना अमृतपुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह अपनी रिश्तेदारी में शाहजहांपुर जनपद के कलान क्षेत्र जा रहे थे। रास्ते में अचानक पेट दर्द होने के कारण वह कुछ समय के लिए सड़क किनारे रुक गए। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल पर टंगा एक झोला, जिसमें एटीएम कार्ड, ₹1300 नकद तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया।
थाना अमृतपुर पहुंचने पर प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बिना किसी विलंब के पीड़ित की तहरीर प्राप्त की और तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। इसके साथ ही घटना की जांच हेतु पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पूरी प्रक्रिया के दौरान पीड़ित के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया गया और उसे किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
बाद में यह स्पष्ट हुआ कि यह घटना एक योजनाबद्ध “टेस्ट केस” के रूप में की गई थी। कन्नौज जनपद के छिबरामऊ क्षेत्राधिकारी सुरेश द्वारा फरियादी को भेजकर थाना स्तर पर शिकायतों के निस्तारण, पुलिस की तत्परता, पारदर्शिता और व्यवहारिक पक्ष का मूल्यांकन किया जा रहा था।जांच के दौरान यह पाया गया कि थाना अमृतपुर ने सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अत्यंत त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की। फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी के मुकदमा दर्ज किया गया, जो कि पुलिस की जवाबदेही और कार्यकुशलता को दर्शाता है। इस पूरी प्रक्रिया से संतुष्ट होकर अधिकारियों ने “टेस्ट रिपोर्ट” में थाना अमृतपुर को अव्वल स्थान प्रदान किया।
यह उपलब्धि न केवल थाना अमृतपुर के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पूरे पुलिस विभाग के लिए एक सकारात्मक संदेश भी है कि यदि कार्य निष्पक्षता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए तो जनता का विश्वास स्वतः मजबूत होता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article