नई दिल्ली। संसद तक मार्च और छात्र प्रदर्शन को लेकर राजधानी दिल्ली में दिनभर चले सियासी घटनाक्रम के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हालात की कमान संभाल ली। संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ करीब चार घंटे तक बैठक कर पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। इस दौरान गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी लगातार समन्वय बना रहा।
सूत्रों के अनुसार, संसद के बाहर प्रदर्शन और बढ़ते राजनीतिक तनाव को देखते हुए गृह मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। गृह सचिव ने दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि बैठक में NEET-UG, पेपर लीक विवाद, संसद मार्च और विपक्ष के बढ़ते हमलों से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा हुई। सरकार की रणनीति, सुरक्षा व्यवस्था और आगे की कार्रवाई पर भी मंथन किया गया। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए अनावश्यक बल प्रयोग से बचा जाए।
संसद से लेकर सड़क तक गरमाए इस मुद्दे ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। विपक्ष शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है, जबकि केंद्र सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर संसद और सियासी गलियारों में टकराव और तेज होने के संकेत हैं।


