अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अंबेडकरनगर दौरे के दौरान जिले को 706 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि अंबेडकरनगर आज विकास का नया मॉडल बन रहा है और दो एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद जिले में विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने जिले के ऐतिहासिक मेले को राजकीय मेला घोषित करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के पारंपरिक आयोजनों और स्थानीय विरासत को संरक्षित करने के साथ उन्हें नई पहचान दिलाने के लिए काम कर रही है।
कार्यक्रम में विपक्ष पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि सरकार लोकतंत्र में पूरी तरह विश्वास रखती है, लेकिन विपक्ष सदन में सार्थक चर्चा नहीं होने देता। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर विधानसभा की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में युवाओं के सामने रोजगार और पहचान का संकट था तथा प्रदेश में अराजकता चरम पर थी।
हथकरघा उद्योग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हथकरघा और कारीगरों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठाए हैं। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफिया और दंगा मुक्त प्रदेश बनाकर कानून का राज स्थापित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंबेडकरनगर में हो रहे विकास कार्यों से लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा और जिले की आर्थिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।


