साहिबगंज: पश्चिम बंगाल के बर्धमान से गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मोहम्मद हामिद से जुड़े मामले में बंगाल एसटीएफ ने झारखंड के साहिबगंज (Sahibganj) जिले के बरहड़वा से उसकी कथित प्रेमिका (girlfriend) अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उससे एसटीएफ और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अर्पिता सरकार बरहड़वा थाना क्षेत्र के करेला गांव निवासी सुजीत सरकार की पुत्री है। उसके पिता की स्टेशनरी की दुकान है, जबकि उसकी मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं, जिनका निधन हो चुका है। दो बहनों में छोटी अर्पिता बीएसके कॉलेज, बरहड़वा में सत्र 2022-26 की अंग्रेजी ऑनर्स की छात्रा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब चार वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से अर्पिता का संपर्क मोहम्मद हामिद से हुआ था। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह हामिद के निर्देशों पर कथित तौर पर हनी ट्रैप, मोबाइल नंबर जुटाने, लोगों और स्थानों की तस्वीरें एकत्र करने तथा रेकी जैसे कार्य करती थी।
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश के खुलासे के बाद एसटीएफ ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी जांच के दौरान अर्पिता सरकार का नाम सामने आया। इसके बाद बंगाल एसटीएफ ने उसे बरहड़वा से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, अर्पिता से मिली जानकारियों के आधार पर ही मोहम्मद हामिद की गिरफ्तारी संभव हो सकी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हामिद के पास पश्चिम बंगाल के कुछ प्रमुख राजनीतिक नेताओं और संगठनों से जुड़े लोगों की गतिविधियों संबंधी सूचनाएं मौजूद थीं। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन जानकारियों का उद्देश्य क्या था और कहीं संभावित लक्ष्यों की रेकी या किसी बड़ी साजिश की तैयारी तो नहीं की जा रही थी। मामले की जांच जारी है।


