फर्रुखाबाद। जनपद में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पोषाहार वितरण और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था में अनियमितता को लेकर कई महिलाओं ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता शबनम, सीमा, गुलशन, नजमा और गुल्फशां ने आरोप लगाया है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री रिचा तोमर पत्नी ज्ञानेन्द्र सिंह द्वारा बच्चों को न तो नियमित रूप से पोषाहार दिया जा रहा है और न ही केंद्र पर पढ़ाई कराई जा रही है। उनका कहना है कि संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र सोता बहादुर, विकासखंड बढ़पुर में कागजों में संचालित दिखाया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर वहां कोई गतिविधि नहीं हो रही।
पीड़ितों के अनुसार, बच्चों का पंजीकरण और केवाईसी तो कर लिया गया है, लेकिन इसके बावजूद पिछले करीब एक वर्ष से पोषाहार का वितरण नहीं किया गया। कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
महिलाओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी आंगनबाड़ी कार्यकत्री के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से पोषाहार और शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।


