– मीडिया-सर्वे पर भी उठाए बड़े सवाल
– बोले जब प्रत्याशी तय नहीं तो कैसे हो रहा है सर्वे
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार और मीडिया सर्वे दोनों पर एक साथ तीखा हमला बोलकर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। उनके बयान कानून-व्यवस्था, महंगाई और चुनावी माहौल—तीनों मोर्चों पर सीधा वार माने जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा, “इनकी सरकार में सबसे ज्यादा महिलाएं और बेटियां असुरक्षित हैं। भाजपा किसी की सगी नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर है—“पूरा प्रदेश इस बार समाजवादी पार्टी के पक्ष में है, हवा समाजवादियों के पक्ष में चल रही है।”
भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी अपने दिन गिन ले, किसान, नौजवान, महिलाएं,हर वर्ग जान चुका है कि बुरे दिन जाने वाले हैं।” साथ ही उन्होंने समाजवादी विचारधारा को जोड़ने वाली ताकत बताते हुए कहा, “समाजवादी पार्टी हमेशा जोड़ने का काम करती है, इसका नाम संविधान से लिया गया है, हम भेदभाव खत्म करना चाहते हैं।”
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया“बंगाल में आदरणीय दीदी ऐतिहासिक वोटों से जीतने जा रही हैं।” उन्होंने वहां के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आगे आएं।
महंगाई पर चेतावनी देते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “चुनाव खत्म होते ही सरकार हिसाब-किताब लगाएगी कि किस चीज को महंगा करना है, महंगाई बढ़ने जा रही है।”
सबसे तीखा हमला उन्होंने मीडिया और चुनावी सर्वे को लेकर किया। उन्होंने सवाल उठाया“जब अभी प्रत्याशी ही तय नहीं हैं तो सर्वे कैसे हो रहा है? ये अखबार वाले बीजेपी से मिलकर सर्वे कर रहे हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये सर्वे “प्रीपेड हैं या पोस्टपेड”, यानी पहले से तय नतीजों को जनता के सामने परोसा जा रहा है।
अखिलेश यादव के इस डबल अटैक के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। अब नजर भाजपा की प्रतिक्रिया पर है क्योंकि चुनावी रण में यह आरोप-प्रत्यारोप आने वाले दिनों में और धारदार होने के संकेत दे रहे हैं।


