लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से हुई छह लोगों की मौत के बाद प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में हो रहे निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से छह लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतकों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराया जाना चाहिए और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद की जानी चाहिए।
सपा प्रमुख ने हादसे को केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि निर्माण व्यवस्था की विफलता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में निर्माण कार्यों में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी हो रही है, जिसके कारण पुल, इमारतें और अन्य सार्वजनिक ढांचे समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। उनका कहना था कि प्रदेश में कभी पुल गिरने, कभी पानी की टंकियां ढहने और कभी सरकारी भवनों में निर्माण संबंधी खामियां सामने आने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किए जाने के कारण जनता की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माणाधीन पुल हवा और मौसम की मार नहीं झेल पा रहे हैं तो उनके शुरू होने के बाद भारी यातायात का दबाव कैसे सहन करेंगे। उन्होंने इस स्थिति को चिंताजनक बताते हुए निर्माण एजेंसियों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।


