अलीगढ़। लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में शैक्षणिक संस्थानों और कोचिंग सेंटरों की जांच का अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में अलीगढ़ में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस ) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रामघाट रोड स्थित कटारा कोचिंग सेंटर को सील कर दिया।
जांच के दौरान कोचिंग संचालक आवश्यक अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम को संस्थान के संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके अलावा फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी ) भी नहीं मिली, जिससे सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, कोचिंग सेंटर बिना आवश्यक अनुमतियों के संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान विभिन्न दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया।
डीआईओएस टीम ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किए संचालित संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
गौरतलब है कि लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत विभिन्न जिलों में प्रशासन, शिक्षा विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमें निरीक्षण कर रही हैं।
फिलहाल थाना क्वार्सी क्षेत्र की रामघाट रोड पर संचालित कटारा कोचिंग सेंटर को सील कर दिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।


