गाजियाबाद: यूपी की राजधानी लखनऊ (Lucknow) के बाद गाजियाबाद (Ghaziabad) में झुग्गी झोपड़ियों में आग लगने की खबर सामने आ रही है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और 500 से अधिक झुग्गियां देखते ही देखते जल गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस आग में करीब छह बच्चों के लापता होने की खबर सामने आ रही है। हालांकि किसी अधिकारी ने अभी यह पुष्टि नहीं की है।
आग लगने के तुरंत बाद झुग्गियों में रखे कई गैस सिलिंडर फटने लगे। इन धमाकों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ दर्जन दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी हैं। आसपास के जिलों से भी गाड़ियां बुलाई गई हैं। दमकल कर्मियों ने बिना देरी किए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं। अग्निशमन अभियान में कई घंटे लगने की संभावना है क्योंकि आग बड़े क्षेत्र में फैली है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि यह जानकारी सामने आ रहा है कि कबाड़ के गोदाम में आग लगी थी, जिसके बाद यह झुग्गियों में फैलती चली गई।
पुलिस और दमकल की टीमों ने युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछारें की जा रही हैं। करीब एक दर्जन से अधिक वाटर टेंडर आग बुझाने में जुटी हैं। स्थानीय निवासियों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में मदद की कोशिश की। डीएम, डीसीपी सिटी एसीपी, सीएफओ, सीएमओ समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। इस भीषण अग्निकांड से सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ गया है। उनके पास खाने-पीने और रहने का कोई साधन नहीं बचा है। आग से हुए भारी नुकसान का आकलन किया जाएगा। पुलिस ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
कनवानी गांव में लगी आग के दौरान बड़ी संख्या में निवासी अपने काम पर गए हुए थे। इस दौरान कई परिवारों के छोटे बच्चे झुग्गियों में ही मौजूद थे। अचानक फैली आग की वजह से लोगों को भागने का या सामान व परिवार वालों को बचाने का बहुत कम समय मिला। वहीं कई परिवार वाले घटनास्थल के आसपास रोते बिलखते नजर आए। लोगों ने बताया कि उनके बच्चे आग लगने के बाद से लापता हैं। डीसीपी सिटी धवल जयसवाल ने बताया कि आग को बुझाया जा चुका है। अभी भी काम चल रहा है। कूलिंग कार्य के बाद कॉम्बिंग की जाएगी।
गाज़ियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदाड़ कहते हैं कि इंदिरापुरम थाना इलाके में कनावनी गांव है, और यहां लगभग 150 झुग्गियां हैं, यहां आग लग गई थी। यहां कबाड़ का काम चल रहा था। आग बुझाने के लिए सात दमकल गाड़ियां लगाई गई। आग बुझा दी गई है। अब आग कहीं और नहीं फैलेगी। इसके बाद, अगर किसी के लापता होने की कोई शिकायत आती है, तो हम उसकी भी जांच करेंगे, घटनास्थल पर एम्बुलेंस बुलाई है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अब तक, किसी के लापता होने या किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
आपको बता दें गाजियाबाद से पहले यानी बीते दिन बुधवार को लखनऊ के विकासनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम झुग्गी-झोपड़ियों में हुई आगजनी की घटना में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई है। ये घटना बुधवार शाम की है। बताया जा रहा है कि 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर फटने के बाद ये आग लगी। आगजनी में 50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। इधर आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 20 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर डटे रहीं जैसे तैसे आग पर काबू पाया गया। दूसरी ओर एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को खाली कराकर कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति रोक दी गई।
जानकारी के मुताबिक आग की लपटें 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थी। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान बचाने तक का मौका नहीं मिला। भयंकर धमाके के बीच 50 से ज्यादा परिवार बेघर हो गए। दुर्घटना को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने चिंता जताते हुए जिलाधिकारी से बात की और प्रभावितों को हरसंभव मदद देने को कहा , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे।


