हरदोई
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुनय झा ने पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ तहसील बिलग्राम के मल्लावां क्षेत्र स्थित राघौपुर में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनसभा स्थल, हेलीपैड, पार्किंग व्यवस्था और मंच निर्माण की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, साथ ही वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा पेयजल, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा, बिजली आपूर्ति और साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पर्यावरणीय पहल को ध्यान में रखते हुए वृक्षारोपण स्थल का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण की तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।


