लखनऊ। अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। राजधानी में संचालित कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला भवनों की व्यापक जांच शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में हजरतगंज स्थित एलन कोचिंग सेंटर भी प्रशासन की जांच के दायरे में आ गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस भवन में कोचिंग संचालित की जा रही थी, उसका स्वीकृत नक्शा कार्यालय (ऑफिस) उपयोग के लिए था, जबकि वहां कोचिंग संस्थान संचालित किया जा रहा था। भवन उपयोग में इस कथित बदलाव को लेकर प्रशासन ने गंभीर आपत्ति जताई है।
सूत्रों के अनुसार लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए ), अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की संयुक्त जांच में भवन के उपयोग, फायर सेफ्टी प्रबंधों और अन्य नियमों की पड़ताल की जा रही है। यदि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संस्थान के खिलाफ सीलिंग सहित अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
अलीगंज अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी संस्थान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी के तहत राजधानी सहित पूरे प्रदेश में कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक भवनों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोपरि है और जिन भवनों में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत गतिविधियां संचालित हो रही हैं या फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल एलन कोचिंग से जुड़े मामले में अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा। हालांकि प्रशासन की सख्ती के बाद राजधानी के अन्य कोचिंग संस्थानों और भवन संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।


