शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर तराई में राजस्व भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ग्रामीण ने ग्राम प्रधान पर सरकारी जमीन का दुरुपयोग करते हुए इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के नाम पर कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी कायमगंज से की गई है, जिसमें जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम हुसैनपुर तराई निवासी अरुण कुमार पुत्र स्वर्गीय मंगू लाल ने उप जिलाधिकारी कायमगंज को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान कन्हैयालाल द्वारा बिना किसी प्रस्ताव को पारित कराए राजस्व भूमि, गाटा संख्या 267, पर अवैध रूप से मिट्टी डलवाई जा रही है। आरोप है कि उक्त भूमि पर अमानक तरीके से इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण कराकर उसे कब्जाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित का कहना है कि आरआरसी सेंटर तक जाने के लिए पहले से ही सीधा और पर्याप्त रास्ता मौजूद है, इसके बावजूद ग्राम प्रधान अनावश्यक रूप से घुमावदार मार्ग बनवाकर अधिक भूमि को अपने कब्जे में लेना चाहता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस कार्य में सरकारी धन का भी दुरुपयोग किया जा रहा है, जो कि नियमों के विरुद्ध है।
ग्रामीण अरुण कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और राजस्व भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित ग्राम प्रधान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
वहीं, जब इस संबंध में ग्राम प्रधान कन्हैयालाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो अपरिहार्य कारणों के चलते उनका पक्ष नहीं मिल सका।
राजस्व भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्राम प्रधान पर ग्रामीण ने उठाए सवाल


