– पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश
लखनऊ। राजधानी के इटौंजा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता को उपचार के लिए राम सागर मिश्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी कराई जा रही है।
इटौंजा थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


