उन्नाव। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उन्नाव दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम में एक ऐसा भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। 570 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह के बीच अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में शामिल एक मासूम बच्ची और अन्य छोटे बच्चे मुख्यमंत्री की गोद में पहुंचते ही शांत हो गए।
कार्यक्रम के दौरान अन्नप्राशन संस्कार के लिए लाए गए बच्चे लगातार रो रहे थे। परिजन उन्हें चुप कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वे शांत नहीं हो रहे थे। इसी बीच जब बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास ले जाया गया और उन्होंने उन्हें अपनी गोद में लिया, तो रोते हुए बच्चे अचानक शांत हो गए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से बच्चों को अन्न ग्रहण कराया और उन्हें आशीर्वाद दिया।
इस दौरान मौजूद लोगों ने इस दृश्य को भावुकता और आत्मीयता से भरा क्षण बताया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बच्चों के परिजनों ने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ देर पहले तक बच्चे लगातार रो रहे थे, लेकिन उनके पास आते ही वे शांत हो गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बच्चे ईश्वर का स्वरूप होते हैं और उनकी निश्छलता सबसे बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य और उनका बेहतर पालन-पोषण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।


