31 C
Lucknow
Wednesday, September 9, 2026

डीडीयू में भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से भिड़ी पुलिस, दरोगा बोले ‘इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा… ये गोरखपुर पुलिस है’ का वीडियो वायरल,

Must read

 

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के आंदोलन के दौरान मंगलवार को माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब भूख हड़ताल पर बैठे निष्कासित छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इसी दौरान एक दरोगा का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह छात्रों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कह रहा है- “इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा… ये गोरखपुर पुलिस है।” वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के रवैये को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने छात्र 25 अगस्त से धरने पर बैठे हैं। पांच सितंबर से आंदोलन को भूख हड़ताल में बदल दिया गया। छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्ज्वल सिंह समेत अन्य छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी समस्याओं और मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आठ सितंबर को एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय भूख हड़ताल खत्म कराने और छात्रों से बातचीत करने के लिए प्रशासनिक भवन पहुंचे थे। उनके साथ पुलिस बल और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। छात्रों को हटाने की कोशिश के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को प्रॉक्टर को छात्रों के बीच से निकालकर सुरक्षित बाहर ले जाना पड़ा।

इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और छात्रों के बीच भी तीखी बहस हुई। इसी दौरान एक दरोगा का वीडियो रिकॉर्ड हो गया। वायरल वीडियो में दरोगा छात्रों को कथित तौर पर चेतावनी देते हुए अतिरिक्त पुलिस बल लगाने की बात कह रहा है। उसके शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के आंदोलन को लेकर पिछले कई दिनों से प्रशासन और छात्रों के बीच तनाव बना हुआ है। मंगलवार को प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर ताला लगाए जाने की घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी और बढ़ा दी गई थी। बुधवार को छात्रों और प्रशासन के बीच हुए विवाद के बाद स्थिति और गरमा गई।

पूरे घटनाक्रम के बीच वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर नई बहस छेड़ दी है। हालांकि वीडियो में पुलिस अधिकारी द्वारा कही गई बातों का पूरा संदर्भ और घटनाक्रम की आधिकारिक जांच का निष्कर्ष सामने आना अभी बाकी है। विश्वविद्यालय परिसर में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article