कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज-अचरा मार्ग पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बोलेरो कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार यह हादसा गांव अलाहदादपुर के सामने हुआ। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो कायमगंज की ओर जा रही थी, जबकि ई-रिक्शा अचरा की तरफ से आ रहा था। अचानक बोलेरो चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए, वहीं बोलेरो सड़क से करीब 10 मीटर दूर गन्ने के खेत में जा धंसी।
हादसे में ई-रिक्शा सवार सुधा (पत्नी दिनेश, निवासी संकिसा) और देववती (पत्नी श्यामवीर, निवासी पिलखना, थाना मेरापुर) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रजत (27 वर्ष, पुत्र सर्वेश गंगवार, निवासी अचरिया वाकरपुर), अंशिका (12 वर्ष, पुत्री सोवरन, निवासी पिलखना), ई-रिक्शा चालक हाशिम खान (54 वर्ष, निवासी पितौरा कायमगंज) और लवली (20 वर्ष, पुत्री दिनेश, निवासी संकिसा) घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल हाशिम खान, अंशिका और रजत को लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। लवली का इलाज सीएचसी में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे टक्कर के बाद ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों के अनुसार मृतका देववती अपनी नातिन अंशिका के साथ रिश्तेदारी से लौट रही थीं, जबकि सुधा अपनी बेटी लवली के साथ दवा लेकर घर वापस जा रही थीं। इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों में मातम का माहौल पैदा कर दिया है।
तेज रफ्तार बोलेरो ने ई-रिक्शा को रौंदा, दो महिलाओं की मौत, चार घायल, मचा हड़कंप


