नवाबगंज थाना क्षेत्र के अटसेनी गांव में लगातार बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में मकान के अंदर रखा भूसा, चारपाई, कपड़े और अनाज सहित गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया।
अटसेनी निवासी प्रताप सिंह का यह कच्चा मकान था। लगातार बारिश से इसकी दीवारें कमजोर हो गई थीं। रविवार को बारिश के दौरान अचानक कमरा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मकान गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाने और उसमें दबे सामान को बाहर निकालने में प्रताप सिंह की मदद की। काफी मशक्कत के बाद चारपाई, कपड़े, अनाज और अन्य घरेलू सामान को मलबे से बाहर निकाला जा सका।
प्रताप सिंह ने बताया कि वे मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कच्चा मकान ढहने से गृहस्थी का सारा सामान खराब हो गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट और रहने की समस्या खड़ी हो गई है।


