फर्रुखाबाद। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित अभिमान प्रेरणा संकुल समिति ढिलावल एवं आकाश प्रेरणा संकुल समिति चांदपुर, विकासखंड बढ़पुर द्वारा गुरुवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में करीब 300 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पंडाबाग से हुआ और यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए स्वराज कुटीर, फर्रुखाबाद पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लेकर निकलीं समूह की महिलाओं ने पूरे रास्ते देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
यात्रा में ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला मिशन प्रबंधक अवनीश कुमार, डॉ. महेंद्र कुमार नामदेव, आकाश सीएलएफ की अध्यक्ष गुंजन सिंह, अभिमान सीएलएफ की अध्यक्ष श्रद्धा दुबे, आजीविका मिशन के रिसोर्स पर्सन सुरेंद्र कुमार पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान महिलाओं ने भारत माता की जय, देशभक्ति तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के लाभ से संबंधित नारे लगाए। महिलाओं के उत्साह और देशभक्ति को देखते हुए रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।


