38 C
Lucknow
Monday, April 27, 2026

9 मई को फर्रुखाबाद में ‘राष्ट्र गौरव’ का महा आयोजन

Must read

– रोडवेज बस स्टैंड पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण
– नाम बदलने की भी उठी मांग

फर्रुखाबाद। जनपद में 9 मई को एक बड़ा सांस्कृतिक-राजनीतिक आयोजन होने जा रहा है, जहां रोडवेज बस स्टैंड पर स्थापित ‘राष्ट्र गौरव’ महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर न सिर्फ जिले में बल्कि पूरे प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृत मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह शामिल होंगे, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की मौजूदगी तय मानी जा रही है। कार्यक्रम में सांसद, विधायक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के बड़ी संख्या में पहुंचने की तैयारी है।

इस आयोजन को लेकर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने लखनऊ में बयान देते हुए इसे “गौरव का ऐतिहासिक क्षण” बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महापुरुषों के सम्मान को नई ऊंचाई दे रही है।

साथ ही एक नई मांग ने भी सियासी रंग ले लिया है रोडवेज बस स्टैंड का नाम बदलकर “राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप बस स्टेशन” किए जाने की मांग तेज हो गई है। इस मांग को लेकर संगठन लगातार सरकार पर दबाव बना रहे हैं।
यहीं नहीं, राघवेंद्र सिंह राजू ने यह भी ऐलान किया कि आगरा में महाराणा सांगा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसे उन्होंने “इतिहास को जीवंत करने की पहल” बताया। उनका कहना है कि जिन लोगों को इतिहास की जानकारी नहीं है, वे प्रतिमा के माध्यम से प्रेरणा और ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे।

इसके अलावा बुलंदशहर के अनूपशहर में भी महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना का रास्ता साफ हो गया है, जहां प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही काम शुरू होने की बात कही जा रही है।

होने वाला यह आयोजन केवल एक अनावरण कार्यक्रम नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश भी माना जा रहा है, जहां महापुरुषों के सम्मान के साथ-साथ सामाजिक और सियासी समीकरण भी साधे जा रहे हैं। अब देखना होगा कि 9 मई का यह कार्यक्रम किस तरह प्रदेश की राजनीति में नया संदेश देता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article