आगरा। थाना हरिपर्वत क्षेत्र के पालीवाल पार्क में मिले युवक सोनू के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके ही दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अमूलराव की नजर मृतक की पत्नी पर थी और इसी वजह से उसने अपने दोस्त की हत्या की खौफनाक साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अमूलराव सोनू की पत्नी से संबंध बनाना चाहता था। जब उसकी मंशा पूरी नहीं हुई तो उसने अपने ही दोस्त को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। घटना वाले दिन आरोपी ने पहले सोनू को शराब पिलाई और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से उसका सिर कुचल दिया।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए चालाकी भरा खेल खेला। पुलिस के अनुसार अमूलराव हत्या के बाद मृतक के परिजनों के साथ सोनू को तलाशने का नाटक भी करता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पालीवाल पार्क में युवक सोनू का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की हालत देखकर साफ था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें जांच में जुटाई गई थीं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। सख्ती से पूछताछ में आरोपी टूट गया और पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा है कि कैसे दोस्ती के रिश्ते के पीछे इतनी खौफनाक साजिश छिपी हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


