चंडीगढ़: हरियाणा (Haryana) से हरिद्वार (Haridwar) के लिए निकला एक परिवार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दर्दनाक सड़क हादसे (Tragic road accidents) का शिकार हो गया। देहरादून–पंचकूला हाईवे पर हुए भीषण एक्सीडेंट में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी 75 वर्षीय चरण सिंह, उनकी 70 वर्षीय पत्नी सुदेश, 36 वर्षीय पुत्रवधू प्रीति और 9 वर्षीय पोते शिवांश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार हरिद्वार जा रहा था, तभी सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वैगनआर ने उनकी फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल तीन लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर मनिहारान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


