36 C
Lucknow
Thursday, May 28, 2026

बातों में फंसाकर महिला से जेवर और नकदी लेकर फरार हुए शातिर ठग

Must read

फर्रुखाबाद। शहर क्षेत्र में ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शातिर टप्पेबाज आम लोगों को लालच और झांसे में लेकर अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली क्षेत्र के नेहरू रोड स्थित एक मोहल्ले का सामने आया है, जहां तीन युवकों ने महिला को बातों में उलझाकर उसके जेवर और नकदी हड़प ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार नेहरू रोड स्थित दयाराम गली निवासी एक महिला गुरुवार सुबह अपने बेटे की दुकान पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। कुछ ही देर में युवकों ने महिला को रुपये बढ़ाने और फायदा कराने का झांसा दिया। आरोप है कि उन्होंने महिला को विश्वास में लेने के लिए एक रुमाल में नोटों की गड्डी दिखायी।
महिला युवकों की चालाकी समझ नहीं सकी और उनके बहकावे में आ गई। इसी दौरान शातिर युवक महिला से सोने के कुंडल और कुछ नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। ठगों के जाने के बाद महिला को शक हुआ तो उसने रुमाल खोलकर देखा। अंदर असली नोटों की जगह केवल ऊपर एक छोटा नोट रखा था, जबकि बाकी हिस्सा कागजों से भरा हुआ था। यह देखकर महिला के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद रोडवेज बस अड्डे की दिशा में जाते हुए दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद टप्पेबाजों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article