यूथ इंडिया | रामनगर बाराबंकी।ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार पर रामनगर क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, वहीं क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना और विशाल भंडारों का आयोजन कर लोगों ने बजरंगबली की आराधना की। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
ग्राम बरियारपुर स्थित झड़ूले दास बाबा मंदिर और पक्का तालाब हनुमान मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसरों में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
ग्राम सीहामऊ स्थित बाबा मोती गिरी मंदिर परिसर में निर्मल कुमार अवस्थी उर्फ गुड्डू द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वीर बजरंगबली और बाबा मोती गिरी की पूजा-अर्चना से हुई। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया और श्रद्धालु देर तक भजन-कीर्तन में शामिल रहे।
भंडारे में श्रद्धालुओं को सब्जी-पूड़ी, चावल, बुंदिया और कोल्ड ड्रिंक का प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजकों की सराहना की।
इसी क्रम में रानीगंज स्थित महार मोड़ के पास विपिन मिश्रा एवं रूपेश मिश्रा द्वारा भी भंडारे का आयोजन किया गया। यहां श्रद्धालुओं को छोला-चावल और बुंदिया का प्रसाद वितरित किया गया।
वहीं ग्राम सिरकौली निवासी मोहित सिंह द्वारा बुढ़वल चौराहे पर आयोजित भंडारे में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। देर शाम तक चले इस आयोजन में लोगों ने श्रद्धापूर्वक छोले-चावल और बुंदिया का प्रसाद ग्रहण किया।


