हमीरपुर
मौदहा कोतवाली क्षेत्र में दबंगई का मामला सामने आया है, जहां एक ट्रक ड्राइवर के साथ तीन लोगों ने मिलकर बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना मौदहा कस्बे के छिमौली तिराहे की बताई जा रही है। आरोप है कि नारायच गांव निवासी ट्रक ड्राइवर सर्वर उर्फ मिंटू के साथ कुछ लोगों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर मामला हिंसा में बदल गया।
पीड़ित के अनुसार, वह लखनऊ से ट्रक लेकर लौटने के बाद पैदल घर जा रहा था, तभी हमीद हॉस्पिटल के पास हुसैनिया मोहल्ले के रहने वाले मुख्तार अहमद ने उससे झगड़ा शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने बेल्ट और डंडों से ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने किसी तरह कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुख्तार अहमद और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।


