25 C
Lucknow
Saturday, April 11, 2026

बिजली की चिंगारी बनी आफत: खेतों में आग से गेहूं की फसल राख, घर में शॉर्ट सर्किट से नकदी-सामान जला

Must read

नवाबगंज, फर्रुखाबाद। क्षेत्र में शनिवार को बिजली लाइनों में आए फाल्ट ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग स्थानों पर एचटी लाइन से निकली चिंगारी के कारण खेतों में आग लग गई, जिससे कई बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं एक गांव में शॉर्ट सर्किट से घर में आग लगने से नकदी और घरेलू सामान भी जल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव नगला तेजा निवासी नेमसिंह के खेत में खड़ी गेहूं की पकी फसल दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग की चपेट में आ गई। बताया गया है कि खेत के किनारे से गुजर रही हाईटेंशन (एचटी) विद्युत लाइन में फाल्ट होने से निकली चिंगारी फसल पर गिर गई, जिससे आग लग गई।
आग की लपटें और धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस हादसे में करीब 5 बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग बुझाने के प्रयास में नरेश, नीरज और सतानों झुलस भी गए। सूचना पर राजस्व निरीक्षक शिवनारायण तिवारी और लेखपाल पवन सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन किया।
इसी तरह गांव सितवनपुर पिथू निवासी जगदीश सिंह के खेत में भी सुबह करीब 11:30 बजे एचटी लाइन के तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली और करीब 6 बीघा गेहूं की फसल जल गई। सूचना पर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
उपखंड अधिकारी धर्मेंद्र राजपूत ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच कराई जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि जिन खेतों के ऊपर या आसपास विद्युत लाइन गुजर रही है, वहां सावधानी बरतें और तारों के नीचे खड़ी फसल को समय रहते काट लें, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
घर में शॉर्ट सर्किट से आग, नकदी व सामान जला
वहीं थाना नवाबगंज के गांव गढ़िया बबना निवासी बीरसिंह के घर में भी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घर की छत पर बने कमरे से आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण पहले बिजली घर को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई गई। लगभग आधे घंटे बाद बिजली बंद होने पर ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कमरे में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद, कुर्सी, मेज, कपड़े समेत अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
घटना की सूचना पर उपखंड अधिकारी को अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है, हालांकि मामले की जांच कराई जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article