25 C
Lucknow
Saturday, April 11, 2026

30 अप्रैल तक बनवाएं फार्मर रजिस्ट्री आईडी, नहीं तो योजनाओं से वंचित रहेंगे किसान: डीएम

Must read

 

फर्रुखाबाद। जनपद के ग्राम पंचायत सिरौली में किसानों के हितों से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अध्यक्षता करते हुए फार्मर रजिस्ट्री आईडी और भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, उप कृषि निदेशक, क्षेत्रीय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश देते हुए कहा कि सभी किसान आगामी 30 अप्रैल तक अपनी फार्मर रजिस्ट्री आईडी अनिवार्य रूप से बनवा लें। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आईडी न बनवाने की स्थिति में किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। विशेष रूप से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता भी बाधित हो सकती है। इसके अलावा उर्वरकों की खरीद के लिए भी अब फार्मर रजिस्ट्री आईडी को अनिवार्य कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए। उन्होंने यह भी बताया कि फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने की प्रक्रिया बेहद सरल है, जिसे किसान अपने मोबाइल फोन, जन सुविधा केंद्रों या क्षेत्रीय कर्मचारियों की मदद से आसानी से पूरा कर सकते हैं।
बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि ग्राम पंचायत सिरौली में कुल 5600 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जानी है, जिसमें से अब तक 2900 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है। शेष किसानों का पंजीकरण शीघ्र पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत किसानों की आईडी बनवाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा, जिससे किसानों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। इस दौरान अपर जिला अधिकारी अरुण कुमार उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत आदि मौजूद रहे

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article