फर्रुखाबाद। जनपद में शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने शनिवार विकास खण्ड कमालगंज के पीएम श्री संविलियन विद्यालय, हुसैनपुर नौखण्डा का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से विद्यालय परिसर में हलचल बढ़ गई।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, छात्रों की उपस्थिति, कक्षा संचालन, साफ-सफाई तथा बुनियादी सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद भी किया और उनकी पढ़ाई के स्तर का आकलन किया।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित सभी अध्यापक उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें और नियमित रूप से उनकी शैक्षणिक प्रगति पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप शिक्षा के स्तर में सुधार लाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


