25 मोटर बोट से 350 कर्मियों ने खंगाली यमुना,राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
मथुरा
वृंदावन क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक मोटरबोट अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसा श्रृंगार घाट के पास हुआ, जहां करीब 25 से 30 श्रद्धालु नाव में सवार होकर नदी पार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव अचानक डगमगाई और देखते ही देखते नदी में पलट गई, जिससे उसमें सवार लोग पानी में गिरकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
घटना के चश्मदीद भूप सिंह, जो पास के पुल पर संविदा कर्मचारी हैं, ने बताया कि नाव का संतुलन अचानक बिगड़ गया था। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। अब तक 10 से 12 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। डीआईजी शैलेश पांडेय, जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, एसपी सिटी राजीव कुमार समेत पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर डटे हुए हैं। गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। घायलों को तत्काल मांट सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 लोग घायल हैं और करीब पांच लोग अभी भी लापता हैं। मृतकों में अधिकांश श्रद्धालु पंजाब के बताए जा रहे हैं, जो धार्मिक यात्रा पर वृंदावन आए थे।
बताया जा रहा है कि यमुना नदी पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते पैंटून पुल को हटाया गया था, जिससे जलधारा और संतुलन पर असर पड़ा हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि नाव निजी संचालक की थी और उस पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे हादसे की आशंका और बढ़ गई।
इस घटना पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। हादसे के बाद से वृंदावन क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।


