22 C
Lucknow
Thursday, April 9, 2026

प्रेम संबंध उजागर होने पर बहन ने प्रेमी संग रची साजिश, सगे भाई की गोली मारकर हत्या; भांजे ने खोला राज

Must read

 

मैनपुरी

जनपद के किशनी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक बहन ने अपने प्रेम संबंध के खुलासे के बाद सगे भाई की हत्या की साजिश रच डाली। प्रेमी के साथ मिलकर भाई को गोली मार दी गई और सबूत मिटाने की हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन मासूम भांजे की सूझबूझ से पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी बहन और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद जनपद के गांव करथिया निवासी 25 वर्षीय करन मिश्रा, जो पुलिस सेवा में जाने का सपना देख रहा था और हाल ही में दरोगा भर्ती परीक्षा भी दे चुका था, मंगलवार को अपनी बहन पूजा को उसके ससुराल छोड़ने मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के कुसमरा चौकी अंतर्गत ताल मोहल्ला आया था। देर हो जाने के कारण वह रात में वहीं रुक गया। इसी दौरान उसे अपनी बहन के डेढ़ साल से चल रहे प्रेम संबंध की जानकारी हो गई।
बताया जा रहा है कि भाई द्वारा इस संबंध का विरोध करने और राज खुलने के डर से बहन पूजा ने अपने प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू के साथ मिलकर करन को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली। रात में मौका पाकर प्रेमी ने पूजा के सामने ही करन के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और घर में फैले खून के निशानों को भी साफ कर सबूत मिटाने का प्रयास किया।
घटना के बाद आरोपी बहन ने खुद को बचाने के लिए चालाकी दिखाते हुए अपने छोटे बेटे के साथ थाने पहुंचकर भाई की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी बातों और व्यवहार से पुलिस को शक हो गया। इसी बीच करीब 10 वर्षीय भांजे रितिक ने पुलिस और परिजनों के सामने पूरी घटना का सच उजागर कर दिया। उसने बताया कि किस तरह उसकी मां और उसके प्रेमी ने मिलकर मामा की हत्या की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और सख्ती से पूछताछ में आरोपी टूट गए। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से दूर नदी किनारे कूड़े के पास फेंका गया शव बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि करन के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या की गई थी।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भांजे की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर बहन पूजा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। एक तरफ जहां मां-बाप अपने बेटे की मौत से टूट चुके हैं, वहीं बहन के इस खौफनाक कदम ने समाज में रिश्तों की मर्यादा और भरोसे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article