26 C
Lucknow
Thursday, April 9, 2026

जमीनी विवाद में भाला लहराने का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी युवक कार्रवाई से दूर

Must read

 

अमृतपुर/फर्रुखाबाद

थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम कुम्हरौर में जमीनी विवाद ने एक बार फिर उग्र रूप ले लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में एक वृद्ध व्यक्ति हाथ में भाला लेकर खुलेआम लहराते हुए दिखाई दे रहा है और सामने खड़े लोगों को धमकाने का प्रयास करता नजर आ रहा है। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, गांव कुम्हरौर में दो पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बीच मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष का वृद्ध व्यक्ति भाला लेकर आक्रामक हो गया। मौके पर मौजूद पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा के मद्देनजर पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति ने भाला लहराकर जान-माल का खतरा उत्पन्न किया, उसके खिलाफ न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही कोई सख्त कदम उठाया गया। इससे आरोपी पक्ष के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।
इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी का पुत्र थाने में पहुंचकर लगातार रौब झाड़ता नजर आ रहा है, जिससे पुलिस कार्रवाई प्रभावित हो रही है। इस कारण पीड़ित पक्ष खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और किसी भी अनहोनी की आशंका जता रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो यह विवाद और अधिक हिंसक रूप ले सकता है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है कि पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कब तक संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करती है और पीड़ित पक्ष को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article