मेरठ
मवाना क्षेत्र के सठला गांव से जुड़ा संदिग्ध आकिब इन दिनों दुबई में रहकर सोशल मीडिया के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहा है। आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान भड़काऊ और आपत्तिजनक बातें कही, साथ ही एक बार फिर धमकी भी दी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लखनऊ एटीएस ने पहले ही उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर रखा है, जबकि मेरठ पुलिस भी सक्रिय रूप से जांच में जुटी हुई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आकिब का नाम उस आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा सामने आया है जिसका खुलासा हाल ही में एटीएस ने किया था। इस मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनसे पूछताछ में पता चला कि आकिब ने ही उन्हें विदेशी हैंडलर्स से जोड़ने में भूमिका निभाई। इसके बाद आरोपी विभिन्न राज्यों में अपना नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि आकिब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, खासकर टेलीग्राम और इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर युवाओं को जोड़ने और उन्हें भड़काने का काम कर रहा है। वह अलग-अलग मुद्दों को आधार बनाकर द्वेष फैलाने और लोगों को उकसाने की कोशिश कर रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि उसके प्रभाव में आकर कुछ युवा ऑनलाइन माध्यमों से भड़काऊ गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और आकिब से जुड़े सभी लोगों की पहचान की जा रही है। एटीएस और स्थानीय पुलिस मिलकर इस नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में काम कर रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


