19 C
Lucknow
Wednesday, April 8, 2026

कार की टक्कर से बाइक सवार परिवार घायल, महिला की हालत गंभीर

Must read

 

–सुमित की बहन खुशबू की शादी 26 अप्रैल को होनी है और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं

शाहजहांपुर। मदनापुर रोड पर हीरानगर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी समेत उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, जलालाबाद थाना क्षेत्र के कसारी गांव निवासी सुमित अपनी बहन खुशबू की शादी का निमंत्रण देने के लिए मदनापुर क्षेत्र के तिती गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर पत्नी पूनम, बेटी जया और बेटा अंशिक भी सवार थे। बताया जाता है कि जैसे ही परिवार हीरानगर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायलों में पूनम की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, परिजनों ने आरोप लगाया है कि कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सुमित की बहन खुशबू की शादी 26 अप्रैल को होनी है और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article