फर्रुखाबाद। जनपद में बीते कई दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। लगभग प्रतिदिन शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और लोगों को अप्रैल माह में भी सर्दी का अहसास हो रहा है। आमतौर पर इस समय गर्मी बढ़ने लगती है, लेकिन इस बार मौसम का यह बदला हुआ स्वरूप लोगों के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है।
शाम के समय चलने वाली ठंडी हवाएं और अचानक होने वाली बारिश से जहां जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ने लगा है। चिकित्सकों का कहना है कि इस प्रकार का असामान्य मौसम संक्रमण फैलने का कारण बन सकता है। विशेष रूप से सुबह और शाम के समय तापमान में हो रहे उतार-चढ़ाव से सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
जनपद में कई घरों में मौसमी बीमारियों के मरीज देखने को मिल रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतें, ठंडी हवाओं से बचें और खानपान में सतर्कता रखें।
मौसम के इस अजीब बदलाव ने ऐसा माहौल बना दिया है कि कभी अप्रैल में बारिश का अनुभव हो रहा है तो कभी फरवरी जैसी ठंड महसूस हो रही है, जो आम जनजीवन के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है।
जन मानस के स्वास्थ्य लिए खतरा बनता जा रहा बदला हुआ मौसम


